आर एस शिवमूर्ति पब्लिक स्कूल की समर पार्टी( फ्रूट सेलिब्रेशन) में बच्चों ने बिखेरे हुनर के रंग
वाराणसी (जनवार्ता) ।वाराणसी के रोहनिया स्थित आर एस शिवमूर्ति पब्लिक स्कूल में मंगलवार को कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए रंगारंग समर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल परिसर रंग-बिरंगी सजावट और बच्चों की खुशियों से गुलजार नजर आया।


समर पार्टी के दौरान आयोजित “फ्रूट सेलिब्रेशन” कार्यक्रम बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ खानपान और फलों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विभिन्न फलों की प्रदर्शनी लगाकर उनके पोषण संबंधी गुणों को सरल तरीके से समझाया गया। साथ ही बच्चों को टेबल मैनर्स, खाने-पीने के सही तरीके और अनुशासन से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें भी सिखाई गईं।

कार्यक्रम में बच्चों ने अपने बेहतरीन प्रेजेंटेशन, कविता, और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए सभी का मन मोह लिया। बच्चों के आत्मविश्वास, प्रस्तुति शैली और उत्साह की अभिभावकों व शिक्षकों ने जमकर सराहना की। इस दौरान जिन बच्चों का जन्मदिन था, उनके लिए विशेष केक कटिंग समारोह भी आयोजित किया गया। बच्चों ने अपने दोस्तों और शिक्षकों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।

स्कूल के डायरेक्टर योगेंद्र प्रताप सिंह एवं प्रिंसिपल राकेश तिवारी ने कार्यक्रम में मौजूद रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन व सामाजिक व्यवहार को मजबूत करती हैं।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि बुधवार को कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए भी समर पार्टी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई मनोरंजक और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित होंगी।

