बकरीद से पहले विहिप की तैयारी तेज, गोरक्षा के लिए बनेगा सचल दस्ता
प्रयागराज (जनवार्ता)। बकरीद से पहले गो-तस्करी और गोहत्या रोकने को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की गोरक्षा इकाई ने सक्रियता बढ़ा दी है। कीडगंज में आयोजित काशी प्रांत की बैठक में गोरक्षा अभियान को तेज करने की रणनीति तैयार की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि पूरे प्रांत में गोरक्षक सचल दस्तों का गठन किया जाएगा, जो गांव-गांव निगरानी करेंगे।
बैठक में गोरक्षा प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी ने कहा कि किसी भी कीमत पर गोहत्या नहीं होने दी जाएगी। बकरीद के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। काशी प्रांत के प्रत्येक प्रखंड में 11-11 कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जाएगी, जो स्थानीय स्तर पर अलग-अलग टोलियों का गठन करेगी।
निर्णय लिया गया कि गो-तस्करी या गोहत्या की सूचना मिलने पर विभिन्न प्रखंडों के कार्यकर्ता आपस में समन्वय स्थापित कर तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। गोहत्या के लिए संवेदनशील माने जाने वाले गांवों और क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। कार्यकर्ता नियमित भ्रमण भी करेंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि बकरीद से पहले राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त के माध्यम से सौंपा जाएगा।
विहिप के गोरक्षा प्रांत अध्यक्ष भोला नाथ ने कहा कि गोरक्षा अभियान को रोजगार, किसानों और जैविक खेती से जोड़ते हुए आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में गोशाला निर्माण, जैविक कृषि और किसान सम्मेलन जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान नवीन, वीरेंद्र जायसवाल, सुशील चतुर्वेदी, विष्णुकांत, अशोक मिश्र, लवलेश बजरंगी, शशि मिश्रा, विनय, विष्णु दुबे, चंद्रशेखर साहू, विजय पांडेय और श्याम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


