लहरतारा-फुलवरिया पुल के नीचे ट्रैफिक व्यवस्था का सीपी ने लिया जायजा
अतिक्रमणकारियों को चेतावनी
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को लहरतारा-फुलवरिया पुल के नीचे पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर लग रहे अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।


निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने चौकी प्रभारी और ट्रैफिक दरोगा की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए मौके पर ही व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वालों और अतिक्रमण फैलाने वालों को सख्त चेतावनी दी।
सीपी मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति सड़क पर अतिक्रमण करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस और ट्रैफिक विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

