अजय राय पर मंत्री अनिल राजभर का हमला, बोले- “कार्रवाई के डर से बदले सुर”
वाराणसी (जनवार्ता)। अनिल राजभर ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष” करार दिया। वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री पर असंसदीय भाषा का प्रयोग करने वाले अजय राय अब कार्रवाई के डर से अपने बयान से पीछे हट रहे हैं।

मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पहले अजय राय ने प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और अब कह रहे हैं कि वीडियो एआई जनरेटेड है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई की आशंका के चलते अजय राय “थूक कर चाटने” का काम कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि इस मामले में निश्चित रूप से उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि के मुद्दे पर मंत्री अनिल राजभर ने केंद्र सरकार का बचाव करते हुए कहा कि भारत ने सबसे बाद में कीमतों में बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि अन्य देशों की तुलना में भारत में मूल्यवृद्धि बहुत ही मामूली रही है और सरकार जनता के हितों का पूरा ध्यान रख रही है।

