प्रचंड गर्मी में घर-घर पहुंच रहे स्वयंसेवक, प्रशिक्षण वर्ग के लिए जुटा रहे रोटियां

प्रचंड गर्मी में घर-घर पहुंच रहे स्वयंसेवक, प्रशिक्षण वर्ग के लिए जुटा रहे रोटियां

प्रयागराज (जनवार्ता)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने ग्रामीण परिवारों तक अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए अनूठी पहल शुरू की है। काशी प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग में शामिल प्रशिक्षणार्थियों के भोजन हेतु इन दिनों जसरा ब्लॉक के गांवों से रोटियां एकत्र की जा रही हैं। भीषण गर्मी के बावजूद स्वयंसेवक घर-घर जाकर परिवारों से सहयोग मांग रहे हैं।
गौहनिया स्थित सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल परिसर में 22 मई से छह जून तक चल रहे संघ शिक्षा वर्ग में करीब 800 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण वर्ग में भोजन व्यवस्था के तहत प्रतिदिन दोनों समय के लिए करीब पांच हजार रोटियों की आवश्यकता पड़ रही है। इसके लिए संघ कार्यकर्ताओं ने जसरा ब्लॉक के कांटी, सड़वा, रेही, बैजला, असरवई, चामू, बघोलवा, ठंठनवां, मैदा और खौरिया समेत दर्जनों गांवों में संपर्क अभियान शुरू किया है।
स्वयंसेवक प्रत्येक परिवार से लगभग 20 रोटियां देने का आग्रह कर रहे हैं। रोटियां सुरक्षित रखने के लिए परिवारों को कागज के लिफाफे भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। संघ का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल भोजन व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं तक संगठन की जानकारी और विचार पहुंचाना भी है।
जिला प्रचार प्रमुख गोविन्द ने बताया कि रोटी संग्रह अभियान के माध्यम से परिवारों के भीतर संघ की चर्चा स्वाभाविक रूप से हो रही है। उनका कहना है कि जब घरों में महिलाओं को यह बताया जाता है कि रोटियां संघ शिक्षा वर्ग के स्वयंसेवकों के लिए बनाई जा रही हैं, तो उनमें संगठन के बारे में जानने की उत्सुकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि माताओं का यह सहयोग राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करेगा।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   चौबेपुर : बदमाशों ने युवक से मोबाइल और कागजात छीने
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *