बिजली मीटर बंद होने का मैसेज पड़ा भारी, लिंक पर क्लिक करते ही खाते से लाखों पार
पटना (जनवार्ता)। राजधानी में साइबर ठगों का नेटवर्क लगातार सक्रिय होता जा रहा है। ताजा मामला गौरीचक इलाके से सामने आया है, जहां बिजली मीटर निष्क्रिय होने का डर दिखाकर साइबर अपराधियों ने एक युवक के खाते से चार लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, गौरीचक निवासी चंदन कुमार के मोबाइल पर एक संदेश भेजा गया, जिसमें कहा गया कि उनका बिजली मीटर बंद होने वाला है। मीटर को चालू रखने के लिए 100 रुपये का रिचार्ज करने को कहा गया और साथ में एक लिंक भी भेजा गया। चंदन कुमार ने लिंक पर क्लिक कर 100 रुपये का भुगतान कर दिया। इसके तुरंत बाद उनका मोबाइल और बैंकिंग सिस्टम हैक हो गया। कुछ ही देर में खाते से करीब चार लाख रुपये की निकासी कर ली गई।
इसी तरह का एक और मामला फुलवारीशरीफ से सामने आया है। यहां रहने वाली शमशाद बेगम को भी बिजली मीटर रिचार्ज के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया। साइबर बदमाशों ने समान तरीके से उनके खाते से 6.98 लाख रुपये निकाल लिए।
राजधानी पटना में बिजली बिल, केवाईसी अपडेट और मीटर रिचार्ज के नाम पर साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पीड़ित लगातार साइबर थाने में शिकायत दर्ज करा रहे हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे लोगों में डर और नाराजगी बढ़ती जा रही है।
साइबर विशेषज्ञों और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बिजली विभाग या बैंक से जुड़े संदेशों की पहले आधिकारिक पुष्टि जरूर करें। संदिग्ध कॉल, लिंक और ऐप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


