नेहरू आधुनिक भारत के महान शिल्पकार थे : विजय शंकर पाण्डेय
वाराणसी (जनवार्ता)। पंडित जवाहरलाल नेहरू की 63वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को इंग्लिशियालाइन स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी फाउंडेशन कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने नेहरू को आधुनिक भारत का महान शिल्पकार, दूरदर्शी नेता और वैज्ञानिक सोच वाला राजनेता बताते हुए उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सिंचाई आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता विजय शंकर पाण्डेय ने की, जबकि संचालन फाउंडेशन के सचिव बैजनाथ सिंह ने किया। गोष्ठी से पूर्व उपस्थित लोगों ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उन्होंने ज्ञान, विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देकर देश को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया।
वक्ताओं ने कहा कि नेहरू केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि उच्चकोटि के चिंतक, लेखक और लोकतंत्रवादी नेता थे। उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत किया।
कार्यक्रम में राधेलाल एडवोकेट, डॉ. अनिल कुमार उपाध्याय, भूपेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट, आनंद सिंह, डॉ. पी.एस. पांडे, मनोज चौबे, विजय कृष्ण राय अन्नू, आनंद मिश्रा, ब्रह्मदेव मिश्रा, पुनीत मिश्रा, वैभव त्रिपाठी, महेंद्र सिंह चौहान, कमलाकांत पांडे, विवेक सिंह, पंकज मिश्रा एडवोकेट, सुशील सोनकर, सुभाष राम, डॉ. संजय चौहान, अशोक कुमार पाण्डेय, मोहम्मद अरशद, युवराज पाण्डेय एवं पिंटू शेख सहित अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।

