दबंगों के कारण नहीं बन पा रहा गरीब का मकान
वाराणसी (जनवार्ता) : एक गरीब परिवार की जिंदगी दबंग तत्वों के कारण नर्क बन गई है। घर बनाने की कोशिश कर रहे व्यक्ति को बार-बार रोका जा रहा है, जिसके चलते परिवार की महिलाओं को खुले में नित्यक्रिया करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

मामला लोहता थाना क्षेत्र के लखमीपुर गांव का है, जहां सुक्खू राजभर नामक व्यक्ति अपनी आराजी नंबर 290 पर मकान बनाने की कोशिश कर रहा है। इस आराजी की मेडबंदी पहले ही हो चुकी है, लेकिन कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग इसे गलत बता कर निर्माण कार्य नहीं करने दे रहे हैं।
सुक्खू राजभर ने करीब 25 दिन पहले समाधान दिवस पर थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई थी। इस पर राजस्व कर्मचारियों की टीम 10 दिन पहले मौके पर पहुंची और पुनः मेडबंदी की जांच की। जांच में सुक्खू राजभर की आराजी की मेडबंदी सही पाई गई और विपक्षी पक्ष को गलत ठहराया गया।
इसके बावजूद दबंग तत्व बाज नहीं आ रहे हैं और सुक्खू का घर बनने नहीं दे रहे।
सुक्खू राजभर ने बताया कि उनके परिवार में दो वयस्क बेटियां और बहू हैं। मकान न बनने के कारण महिलाओं को खुले में नित्यक्रिया करनी पड़ रही है, जिससे पूरे परिवार की निजता भंग हो रही है और महिलाओं को काफी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले में थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने कहा, “राजस्व कर्मचारियों ने सुक्खू की आराजी की मेडबंदी को सही पाया है। दबंगई दिखाने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
स्थानीय प्रशासन और पुलिस से पीड़ित परिवार अब उम्मीद लगाए बैठा है कि जल्द ही उन्हें अपना मकान बनाने का अधिकार मिलेगा और महिलाओं की गरिमा व निजता सुरक्षित रहेगी।

