यूपी के 10 जिलों में सूखे के आसार, वाराणसी समेत 60 जिलों में कम बारिश की चेतावनी
लखनऊ (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश में इस वर्ष मानसून कमजोर रहने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में औसत से करीब 8 प्रतिशत कम वर्षा हो सकती है। इसके चलते 10 जिलों में सूखे जैसी स्थिति बनने की संभावना है, जबकि वाराणसी समेत 60 जिलों में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है।

आंचलिक मौसम केंद्र, लखनऊ के अनुसार मानसून के 18 से 20 जून के बीच प्रदेश में सक्रिय होने की उम्मीद है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अगले दो-तीन दिनों तक कई क्षेत्रों में आंधी, बारिश और बिजली चमकने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग ने सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बदायूं, संभल, शाहजहांपुर और उन्नाव में सामान्य से काफी कम वर्षा होने का अनुमान जताया है। वहीं वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही समेत प्रदेश के 60 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज होने की संभावना है। इससे कृषि और जलापूर्ति पर असर पड़ सकता है।

