सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर
गाजियाबाद (जनवार्ता)। बकरीद के दिन 17 वर्षीय छात्र सूर्या की चाकू घोंपकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। इंदिरापुरम के अभय खंड क्षेत्र में खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में एक कांस्टेबल भी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, खोड़ा के नवनीत विहार निवासी कक्षा 11 के छात्र सूर्या को असद ने बकरीद के दिन मिलने के लिए बुलाया था। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद असद ने चाकू से सूर्या के पेट में कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि करीब आठ माह पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद से आरोपी फरार था। सूर्या की मां और बहन ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

