मुकुंदपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से मकान ढहा, कई लोग मलबे में दबे; छह घायल निकाले गए
नई दिल्ली (जनवार्ता)। राजधानी दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र स्थित मुकुंदपुर में मंगलवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। एक रिहायशी मकान में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। धमाका इतना तेज था कि मकान कुछ ही क्षणों में मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल विभाग के अनुसार सुबह करीब 9:27 बजे मकान गिरने और विस्फोट की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल पांच दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अब तक मलबे में दबे छह लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। घायलों का उपचार जारी है। अधिकारियों के अनुसार मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार जिस भवन में विस्फोट हुआ, वहां अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग और सप्लाई का कार्य किया जा रहा था। इसके अलावा परिसर में बर्तनों की रंगाई, पाउच निर्माण और मोबाइल चार्जर बनाने जैसी गतिविधियां भी संचालित होने की बात सामने आई है। रिहायशी क्षेत्र में इस प्रकार की अवैध एवं जोखिमपूर्ण गतिविधियों को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बचाव दल मलबे को हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

