164 विदेशी नागरिकों को बनाया साइबर गुलाम

164 विदेशी नागरिकों को बनाया साइबर गुलाम

पासपोर्ट जब्त कर कराई ठगी

नई दिल्ली (जनवार्ता)। अच्छी नौकरी और मोटी तनख्वाह का लालच देकर भारत बुलाए गए 164 विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने के सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर पर छापेमारी कर 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिकों को मुक्त कराया। पुलिस ने गिरोह के एक आरोपी मलेशियाई नागरिक तन गुआन वेई को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी सुनील कुमार और सुशील भाटी फरार हैं।

rajeshswari

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य विदेशों में रहने वाले लोगों को भारत में अच्छी नौकरी और आकर्षक वेतन दिलाने का झांसा देकर यहां बुलाते थे। भारत पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे और उन्हें पीजी में रखकर उनकी आवाजाही पर पाबंदी लगा दी जाती थी। इसके बाद नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक व्यावसायिक इमारत में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर में उनसे जबरन साइबर ठगी कराई जाती थी।

लिखित स्क्रिप्ट देकर अपने ही देश के लोगों से कराते थे ठगी

जांच में पता चला कि विदेशी नागरिकों को लिखित स्क्रिप्ट और मोबाइल फोन उपलब्ध कराए जाते थे। उनसे अपने ही देश के नागरिकों को निशाना बनाने के लिए कहा जाता था। इसके लिए फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और निवेश से जुड़े प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाता था। लोगों को ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देकर रकम जमा कराई जाती थी और बाद में उनके साथ धोखाधड़ी की जाती थी। काम करने से इनकार करने वाले विदेशी नागरिकों के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।

इसे भी पढ़े   'कालिया कुमारस्वामी बीजेपी से ज्यादा…', सिद्धारमैया के मंत्री ने बयान से खड़ा किया बखेड़ा

पीड़ित के ई-मेल से हुआ अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा

इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करीब एक सप्ताह पहले क्राइम ब्रांच को मिले एक ई-मेल से हुआ। एक विदेशी नागरिक ने पुलिस को जानकारी दी थी कि उसे नौकरी का झांसा देकर भारत लाया गया है। यहां उसका पासपोर्ट छीन लिया गया और उसे साइबर ठगी करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उसने यह भी बताया कि उसके साथ कई अन्य विदेशी नागरिकों को भी बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना का सत्यापन करने के बाद क्राइम ब्रांच ने छापेमारी की तो मौके से 164 विदेशी नागरिक मिले, जिन्हें मुक्त कराया गया।

355 मोबाइल, 168 डेस्कटॉप और 174 पासपोर्ट बरामद

पुलिस की छापेमारी में बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए। इनमें 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, 53 सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट शामिल हैं। बरामद पासपोर्ट में 95 इंडोनेशिया और 79 मलेशिया के नागरिकों के हैं। इसके अलावा कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और सर्वर भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने मानव तस्करी, जबरन श्रम, बंधक बनाने, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। साथ ही गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, साइबर ठगी से अर्जित रकम और उसके लेन-देन की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *