दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान और बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई पेड़ गिरे, उड़ानों पर भी असर
नई दिल्ली (जनवार्ता)। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गुरुवार को तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने क्षेत्र के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दोपहर बाद शुरू हुई तेज बारिश और आंधी के कारण दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। तेज हवाओं से कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूट गईं और कुछ बड़े पेड़ भी धराशायी हो गए।
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानों के संचालन में बाधा आई। रिपोर्ट के अनुसार 13 विमानों को दोबारा चक्कर लगाकर उतरना पड़ा, जबकि 11 उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया।
आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ घंटों तक मौसम खराब बना रह सकता है और हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालांकि प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है।

