काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालु की मौत
परिजनों ने चिकित्सीय लापरवाही का लगाया आरोप
वाराणसी (जनवार्ता )। जयपुर से काशी दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु की गुरुवार को काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लगी कतार में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार राजस्थान के जयपुर निवासी रामप्रकाश शर्मा अपने परिवार के साथ काशी दर्शन के लिए वाराणसी आए थे। परिवार के सदस्य एक होटल में ठहरे हुए थे और गुरुवार सुबह बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। दर्शनार्थियों की कतार में खड़े रहने के दौरान अचानक रामप्रकाश शर्मा को चक्कर आ गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें संभाला तथा छायादार स्थान पर लिटाया। बाद में एंबुलेंस की सहायता से उन्हें मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में गंभीर स्थिति के बावजूद समय पर समुचित उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, जिसके कारण उनकी जान चली गई। परिजनों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, मृतक की पत्नी एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल मंदिर प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

