घायल युवक को अस्पताल ले जा रहे पांच युवकों की सड़क हादसे में मौत, गांव में शोक की लहर
मोरबी। मोरबी-हलवद हाईवे पर चरड़वा गांव के पास शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही गांव के पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे लोगों की कार एक डंपर से टकरा गई।

जानकारी के अनुसार, रणछोड़गढ़ गांव निवासी 24 वर्षीय परेश दहैया मानसर गांव के पास बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए गांव के कुछ युवक कार से रवाना हुए थे। इसी दौरान रात करीब 9:30 बजे चरड़वा गांव के निकट एक पेट्रोल पंप के सामने फैक्ट्री से निकल रहे डंपर से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डंपर के नीचे फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जेसीबी मशीन की मदद से कार को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सुरेश सिहोरा (45), वीरम दहैया (28), परेश दहैया (24), प्रेमजी दहैया और भरत दहैया के रूप में हुई है। वहीं प्रकाश दहैया और दिलीप दहैया गंभीर रूप से घायल हैं। उनका मोरबी और राजकोट के अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही हलवद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक घायल युवक की जान बचाने के प्रयास में निकले पांच युवकों की मौत से रणछोड़गढ़ गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

