पुलिसकर्मियों से मारपीट में तीन युवक गिरफ्तार
मेरठ (जनवार्ता)। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे पेशाब करने से मना करने पर तीन युवकों ने यातायात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची परतापुर थाना पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस के अनुसार दिल्ली के करावल नगर निवासी अशोक गुप्ता, आकाश गुप्ता और आशीष कुमार केदारनाथ यात्रा से लौट रहे थे। शुक्रवार शाम जब वे काशी टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और वहीं पेशाब करने लगे। ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी विकास यादव और भूपेंद्र ने उन्हें निर्धारित स्थान पर जाने की सलाह दी। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। यातायात पुलिसकर्मियों की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गर्भवती पत्नी पर अत्याचार, आरोपी पति की तलाश
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि पति ने पत्नी के पेट में लात मार दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।
पीड़िता पूजा ने घटना की जानकारी अपने मायके पक्ष को दी। सूचना मिलने पर रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूड़बराल में भर्ती कराया है। वहीं, आरोपी पति अरविंद की तलाश शुरू कर दी गई है।
दिनदहाड़े युवती का अपहरण, हथियार के बल पर कार में बैठाकर ले गए बदमाश
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय युवती के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार युवकों ने पिस्तौल के बल पर युवती को जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए।
रोहटा रोड निवासी युवती के भाई ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि तीन जून को उसकी बहन बाजार सामान खरीदने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने बताया कि युवती के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लगातार कॉल आती थीं। पड़ोसियों के अनुसार लाल रंग की कार में सवार कुछ युवकों ने युवती का रास्ता रोक लिया था। युवती ने विरोध करते हुए भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित उसे जबरन कार में खींचकर ले गए। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती की तलाश के साथ-साथ आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।

