रिटायर्ड एआरटीओ के घर विजिलेंस का छापा, 35 करोड़ की संपत्ति का खुलासा
लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में आगरा के तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रहे ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर दो दिन तक छापेमारी की। कार्रवाई में करीब 35 करोड़ रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है।

विजिलेंस टीम ने 7 और 8 जुलाई को अलीगंज स्थित चंद्रलोक कॉलोनी के आवास पर कोर्ट के सर्च वारंट के आधार पर तलाशी ली। इस दौरान घर के विभिन्न स्थानों और पैकेटों में छिपाकर रखे गए करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए।
तलाशी में करीब 13 किलो सोना और 9 किलो चांदी भी मिली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में मकान, फ्लैट, प्लॉट और कृषि भूमि से संबंधित दस्तावेज मिले हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान एक टोयोटा इनोवा, एक हुंडई कार, एक रिवॉल्वर तथा बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
विजिलेंस के अनुसार, ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज है। बरामद सभी संपत्तियों और निवेश का सत्यापन कर उन्हें विवेचना में शामिल किया जा रहा है। सफल कार्रवाई पर सतर्कता अधिष्ठान के महानिदेशक ने लखनऊ सेक्टर की टीम को एक लाख रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

