बच्चों के विवाद में चली गोली, वृद्ध घायल
चौबेपुर के लुठाखुर्द गांव की घटना, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी (जनवार्ता)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के लुठाखुर्द गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान चली गोली से एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इसी दौरान गोली चल गई, जिससे लालू गुप्ता नामक वृद्ध व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
घायल के परिजनों ने अरुण पांडेय और उनके पुत्र आयुष पांडेय पर गोली मारने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
चौबेपुर पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आरोपों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

