वाराणसी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण अंतिम चरण में, अगस्त तक होगा हैंडओवर

वाराणसी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण अंतिम चरण में, अगस्त तक होगा हैंडओवर

वाराणसी (जनवार्ता)। राजातालाब के गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार स्टेडियम का 92 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है और अगस्त 2026 तक इसे हैंडओवर कर दिया जाएगा। निर्माण की प्रगति को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि मानसून समाप्त होने के बाद यहां घरेलू क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन भी शुरू हो सकेगा।
स्टेडियम परियोजना के प्रोजेक्ट हेड सरोज शुक्ला ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप तेजी से चल रहा है। अगस्त तक सभी शेष कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ काशी की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करेगा।
भगवान शिव की थीम पर विकसित किए जा रहे इस स्टेडियम की संरचना में डमरू, त्रिशूल और काशी की प्राचीन सांस्कृतिक पहचान को विशेष रूप से उकेरा गया है। यही कारण है कि निर्माणाधीन अवस्था में ही इसकी भव्यता और आकर्षक डिजाइन लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

rajeshswari


करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम में 1,500 से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया गया है, जिससे भारी बारिश के बावजूद मैदान को कम समय में खेलने योग्य बनाया जा सकेगा। अधिकारियों के अनुसार लगभग 20 लाख लीटर पानी को आधे घंटे के भीतर निकासी करने की क्षमता इस प्रणाली में होगी।


पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों और उभरते खिलाड़ियों के लिए यह स्टेडियम नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इसके संचालन से क्षेत्र में क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्राप्त होगा। निर्माण कार्य अंतिम दौर में पहुंचने के साथ ही खेल प्रेमियों में इसके उद्घाटन और पहले क्रिकेट मुकाबले को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

इसे भी पढ़े   गोमती में समाए दो मासूम, बचाव अभियान जारी

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *