लखनऊ-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के बाबतपुर ठहराव और डीडीयू जंक्शन तक विस्तार की मांग
सांसद वीरेंद्र सिंह ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से मुलाकात कर उठाए कई महत्वपूर्ण मुद्दे
वाराणसी (जनवार्ता)। चंदौली से समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से मुलाकात कर जनपद चंदौली और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने इस संबंध में एक अनुस्मारक पत्र सौंपते हुए लखनऊ-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के बाबतपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव तथा उसके संचालन को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर जंक्शन तक विस्तारित किए जाने की मांग की।

सांसद ने बताया कि गाड़ी संख्या 20401/20402 लखनऊ-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का बाबतपुर में ठहराव होने से वाराणसी और चंदौली क्षेत्र के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। वहीं ट्रेन का विस्तार डीडीयू जंक्शन तक किए जाने से बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
इसके अलावा उन्होंने तुलसी आश्रम रेलवे स्टेशन पर 63229/63230 अप एवं डाउन पैसेंजर ट्रेन के ठहराव की मांग भी रखी। सांसद के अनुसार इस सुविधा से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी।
वीरेंद्र सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) रेलवे सेटलमेंट क्षेत्र में जल निकासी, नाला निर्माण और अन्य विकास कार्यों से जुड़े लंबित मामलों पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। साथ ही चंदौली लोकसभा क्षेत्र के सारनाथ, गौरडीह और कादीपुर में बंद किए गए रेलवे फाटकों के स्थान पर अंडरपास निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के दर्जनों गांवों के किसान, छात्र और आम नागरिक प्रतिदिन आवागमन करते हैं। अंडरपास बनने से हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

