दिव्यांग रेल कर्मचारियों के लिए दक्षता विकास कार्यक्रम संपन्न
वाराणसी (जनवार्ता)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा शुक्रवार को लहरतारा स्थित अधिकारी क्लब में दिव्यांग रेल कर्मचारियों के लिए व्यावसायिक दक्षता विकास कार्यक्रम-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन एवं मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वानी जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेलवे सभी कर्मचारियों को समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर स्टाफ बेनिफिट फंड के तहत सात दिव्यांग कर्मचारियों को विद्युत चालित स्कूटी वितरित की गई। उन्होंने बताया कि वाराणसी मंडल में वर्तमान में 133 दिव्यांग कर्मचारी कार्यरत हैं।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के पूर्व सलाहकार डॉ. उत्तम ओझा ने दिव्यांगजनों के अधिकारों और आत्मनिर्भरता पर प्रकाश डाला। वहीं साइबर विशेषज्ञ सर्वेश सिन्हा ने साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष गुप्ता ने आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की भूमिका पर चर्चा की।
इस दौरान मंडल महिला कल्याण संगठन की ओर से सभी दिव्यांग कर्मचारियों को पानी की बोतलें वितरित की गईं। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

