कानून-व्यवस्था में सुधार से बढ़ा जनता का भरोसा, सुरक्षा हमारी प्राथमिकता: डीजीपी
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए अपनाई गई सख्त नीति से प्रदेश में अपराधों में कमी आई है और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

रविवार को वाराणसी पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में डीजीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे महिलाओं को त्वरित सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं।
प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी के आरोपी शुभम जायसवाल के मामले में डीजीपी ने कहा कि उसे विदेश से भारत लाने की प्रक्रिया जारी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दस्तावेज संबंधित एजेंसियों के माध्यम से भेजे गए हैं और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत लाया जाएगा।
साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भी की जा रही है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है।
डीजीपी ने बताया कि वाराणसी की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए भी विशेष रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

