राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार की मौत
आगरा (जनवार्ता)। आगरा मंडल के धौलपुर-हेतरामपुर रेलखंड पर रविवार शाम दर्दनाक रेल हादसा हो गया। उदयपुर सिटी-खुर्दा रोड एक्सप्रेस में चेन पुलिंग के बाद ट्रेन रुकने पर कुछ यात्री नीचे उतर गए। इसी दौरान समानांतर ट्रैक पर गुजर रही नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौत हो गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार शाम करीब 4:33 बजे हेतरामपुर और धौलपुर स्टेशन के बीच उदयपुर सिटी-खुर्दा रोड एक्सप्रेस चेन पुलिंग के कारण रुक गई थी। ट्रेन रुकते ही कुछ यात्री कोचों से उतरकर दूसरे ट्रैक पर पहुंच गए। तभी तेज गति से गुजर रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
हादसे में तीन महिलाओं और एक बच्ची की मौत हुई है। मृतकों में अफरीन (32) और अजहर (8) की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। घटना के बाद रेलवे ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए संबंधित ट्रैक की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। आगरा और झांसी से दुर्घटना राहत चिकित्सा यान भी मौके पर भेजे गए।
रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे के कारण कुछ समय तक रेल यातायात भी प्रभावित रहा।

