महाराष्ट्र के पंढरपुर में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन कुएं में गिरी, 14 की मौत
महाराष्ट्र (जनवार्ता)। महाराष्ट्र के पंढरपुर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन अनियंत्रित होकर एक कुएं में गिर गई। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन किसी धार्मिक कार्यक्रम से लौट रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वैन सड़क किनारे स्थित एक कुएं में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से कुएं में गिरे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था और बचाव कार्य कई घंटों तक चलता रहा।

