सोमवती अमावस्या पर छोटी काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब, घंटों जाम में फंसे श्रद्धालु
बुलंदशहर (जनवार्ता)। सोमवती अमावस्या के अवसर पर सोमवार को छोटी काशी अनूपशहर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर पहुंचकर पवित्र स्नान किया और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। अमावस्या के धार्मिक महत्व को देखते हुए सुबह से ही नगर के विभिन्न घाट श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहे।

भोर होते ही श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष के साथ परशुराम घाट, मस्तराम घाट, त्रिवेणी घाट, शिव स्वरूप घाट तथा पुल के दोनों ओर बनाए गए अस्थायी घाटों पर गंगा स्नान शुरू किया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर धार्मिक संस्कार संपन्न कराए तथा भगवान सत्यनारायण की कथा का श्रवण कर पुरोहितों से आशीर्वाद प्राप्त किया। मां गंगा की आरती और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा घाट क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण गंगा तट की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। पर्याप्त यातायात प्रबंधन के अभाव में कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया, जिससे श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और वापस लौटने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

