योग अपनाकर ही स्वस्थ और सशक्त भारत का सपना होगा साकार : डॉ. दयाशंकर मिश्र
वाराणसी (जनवार्ता)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के प्रति जन-जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को नमो घाट पर आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ने सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
डॉ. मिश्र ने कहा कि योग स्वस्थ, निरोग और सशक्त समाज के निर्माण का आधार है। जब देश का प्रत्येक नागरिक योग को अपनाएगा, तभी भारत स्वस्थ और समर्थ राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ेगा तथा विश्व गुरु बनने के अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक जन आंदोलन का स्वरूप ले चुका है और भारत की प्राचीन संस्कृति तथा जीवनशैली को विश्वभर में नई पहचान मिली है।
आयुष मंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।


