दालमंडी : पांच भवनों पर चला बुलडोजर
वाराणसी (जनवार्ता) । दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत सोमवार सुबह वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच चिह्नित भवनों को ध्वस्त कर दिया। सुबह करीब छह बजे शुरू हुए अभियान के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाए गए।

कार्रवाई से पूर्व वीडीए ने क्षेत्र में मुनादी कराकर भवन स्वामियों से मकान खाली करने की अपील की थी। इसके बाद टीम ने मकान संख्या CK-42/94-95, CK-43/145, CK-43/175-बी, D-50/204 तथा CK-43/123 पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
अधिकारियों के अनुसार दालमंडी मार्ग को लगभग 17 मीटर चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है, जिससे काशी विश्वनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। संबंधित भवन स्वामियों को पूर्व में नोटिस जारी कर आवश्यक समय भी दिया गया था।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरे समय मौके पर तैनात रहा।
वीडीए अधिकारियों ने बताया कि दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए आगे भी चिह्नित अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना वाराणसी के यातायात प्रबंधन और शहरी विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

