काशी रेलवे स्टेशन विकास में बाधक गंज शाहिदा मस्जिद पर कार्रवाई की तैयारी
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी रेलवे स्टेशन के विकास एवं विस्तार कार्य के तहत रेलवे प्रशासन ने गंज शाहिदा मस्जिद को हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। उत्तर रेलवे की ओर से मस्जिद की दीवार पर नोटिस चस्पा कर मस्जिद प्रबंधन समिति को 20 जून तक का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि के बाद रेलवे प्रशासन आवश्यक कार्रवाई करेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार संबंधित स्थल रेलवे की भूमि पर स्थित है और स्टेशन के विकास कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहा है। उत्तर रेलवे के अधिकारी समर्थ गुप्ता ने बताया कि मस्जिद से संबंधित वाद वर्ष 2024 में न्यायालय द्वारा खारिज किया जा चुका है। इसके बाद नियमानुसार नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि काशी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को गति देने के लिए अवरोधक निर्माणों को हटाना आवश्यक है। नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर में अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत एक मस्जिद और कब्रिस्तान को हटाया था। इसके बाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार के निर्माण कार्य में तेजी आई थी। अब गंज Shahida मस्जिद पर प्रस्तावित कार्रवाई को भी स्टेशन विकास परियोजना का हिस्सा माना जा रहा है।

