बदायूं : दूल्हे की मां-बहन समेत 6 महिलाओं की दर्दनाक मौत
बदायूं (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। बरेली-मथुरा हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से ई-रिक्शा सवार 6 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दूल्हे की मां, बहन, दो भाभियां और एक पड़ोसी महिला शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो ट्रैक्टर चालक आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि कई महिलाएं ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर शव बिखर गए।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के मुरावन नगला गांव निवासी डालचंद्र के बेटे कुंवरपाल की 29 जून को शादी तय है। शादी से पहले भात (शगुन) मांगने के लिए उनकी पत्नी राजकुमारी अपने मायके गठौना गांव जा रही थीं। इसके लिए गांव के ही सन्नी का ई-रिक्शा बुक किया गया था। ई-रिक्शा में 6 महिलाओं समेत कुल 8 लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि बरेली-आगरा हाईवे पर निर्माण कार्य चलने के कारण केवल एक लेन चालू थी। इसी दौरान मक्का बेचकर लौट रहे दो ट्रैक्टर चालक तेज गति से एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थे। एक ट्रैक्टर से ई-रिक्शा बच गया, लेकिन दूसरे ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।
हादसे में राजकुमारी (50), उनकी बेटी नारायणी (30), जेठानी रेवती (80), बहू गंगाश्री (30), सरला (32) तथा गांव की प्रेमावती (32) की मौत हो गई। इनमें से पांच महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मृत्यु हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है और 3 लोग घायल हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टर चालकों को ट्रैक्टर समेत हिरासत में ले लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 29 जून को होने वाली शादी से पहले हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

