रायबरेली : गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस
काशी विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे पश्चिम बंगाल के दर्शनार्थी, ऐहार टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा
रायबरेली। जिले के लालगंज क्षेत्र में रविवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आठ से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, बस में पश्चिम बंगाल के 26 श्रद्धालु सवार थे। सभी मथुरा-वृंदावन में दर्शन-पूजन करने के बाद वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान लालगंज क्षेत्र में ऐहार टोल प्लाजा के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

