मानसून से पहले नगर निगम का दावा: 90 प्रतिशत नालों की सफाई पूरी
जलभराव रोकने के लिए क्यूआरटी गठन की तैयारी, महापौर ने किया निरीक्षण
वाराणसी (जनवार्ता)। मानसून के आगमन से पहले शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम प्रशासन का दावा है कि शहर के लगभग 90 प्रतिशत नालों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 10 प्रतिशत नालों की सफाई जून माह के अंत तक पूरी कर ली जाएगी।
रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने महमूरगंज क्षेत्र के बिरदोपुर और तुलसीपुर वार्ड में चल रहे नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि नाली-नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार शहर में कुल 128 बड़े नालों में से अधिकांश की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि सभी 258 छोटे नालों की सफाई का कार्य समाप्त कर लिया गया है। साथ ही सीवर लाइनों को जाममुक्त रखने के लिए सुपर सकर और बकेट मशीनों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है।
मानसून के दौरान निचले इलाकों में संभावित जलजमाव की समस्या से तत्काल निपटने के लिए नगर निगम त्वरित कार्रवाई दल (क्विक रिस्पांस टीम- क्यूआरटी) के गठन की तैयारी कर रहा है। यह टीम आपात स्थिति में जल निकासी और राहत कार्यों की जिम्मेदारी संभालेगी।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद विवेक कुमार कुशवाहा, पुन्नू लाल, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह समेत नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


