सड़क की गुणवत्ता पर विधायक ने उठाए सवाल
मानक के विपरीत मिली विद्यालय की दीवार गिरवाई
11.47 करोड़ की लागत से बन रही है 3.5 किमी सड़क
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने गुरुवार को काशी विद्यापीठ ब्लॉक के रमना गांव में निर्माणाधीन सड़क और प्राथमिक विद्यालय परिसर में बन रहे अतिरिक्त कक्ष का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई और विद्यालय में मानक के अनुरूप नहीं मिली दीवार को गिरवा दिया।

विधायक ने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होने पर ही क्षेत्र की जनता को इसका वास्तविक लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन कक्ष की दीवार की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं पाई गई, जिसके बाद उसे गिराया गया।
उन्होंने बताया कि रमना गेट से नरोत्तमपुर तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 11 करोड़ 47 लाख रुपये की अनुमानित लागत से कराया जा रहा है। परियोजना में सड़क निर्माण के साथ स्ट्रीट लाइट लगाने और सुंदरीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है। विधायक ने सड़क निर्माण में गिट्टी की परत की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सड़क में निर्धारित मानक के अनुसार करीब 15 सेंटीमीटर तक गिट्टी की परत होनी चाहिए, लेकिन मौके पर कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली।
विधायक ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान प्रधान प्रतिनिधि अमित पटेल, मानस सिंह, राजकुमार वर्मा, आनंद प्रकाश, विनोद पटेल, विकास, राजू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

