लखनऊ : अलीगंज के कोचिंग सेंटर में भीषण आग
जान बचाने के लिए छात्रों ने लगाई छलांग
कई छात्र घायल, दमकल की टीमों ने आग पर पाया काबू

लखनऊ (जनवार्ता)। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय कोचिंग सेंटर में कई छात्र-छात्राएं मौजूद थे। धुएं और लपटों से घिरने पर कुछ छात्रों ने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिससे कई के घायल होने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और कोचिंग सेंटर में अग्नि सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।

