हाईवे किनारे अचेत मिली युवती

हाईवे किनारे अचेत मिली युवती

लस्सी में नशीला पदार्थ मिलाने और मारपीट का आरोप

वाराणसी (जनवार्ता)। फूलपुर थाना क्षेत्र में वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुर-सुराही पुल के समीप मंगलवार दोपहर एक युवती अचेत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। युवती ने होश में आने पर दो परिचित युवकों पर नशीला पदार्थ पिलाने, मारपीट करने और सड़क किनारे छोड़कर फरार होने का आरोप लगाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे राहगीरों ने हाईवे किनारे युवती को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, होश में आने पर युवती ने बताया कि वह पढ़ाई के सिलसिले में बाहर गई थी। आरोप है कि दो परिचित युवक उसे अपने साथ ले गए और रास्ते में लस्सी पिलाई। लस्सी पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे और नशे जैसी स्थिति महसूस हुई। युवती का दावा है कि इसके बाद दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसे हाईवे किनारे छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साथ ही मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। फिलहाल चिकित्सकीय रिपोर्ट आने तक नशीला पदार्थ दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
फूलपुर पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपित युवकों की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पत्रकार सुभाष चंद सिंह के स्वास्थ्य की ली जानकारी
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *