लखनऊ अग्निकांड के बाद वाराणसी के कई कोचिंग संस्थान सील

लखनऊ अग्निकांड के बाद वाराणसी के कई कोचिंग संस्थान सील

वाराणसी (जनवार्ता)। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद वाराणसी प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को अग्निशमन विभाग और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग हब दुर्गाकुंड, साकेत नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कई प्रमुख कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया, जबकि अन्य को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया।

rajeshswari

संयुक्त टीम ने फायर सेफ्टी, भवन सुरक्षा, आपातकालीन निकास मार्ग और स्वीकृत भवन मानचित्र समेत विभिन्न मानकों की जांच की। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से कोचिंग संस्थानों में हड़कंप मच गया। जांच में कई संस्थान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते नहीं पाए गए।

टीम ने सबसे पहले जेआरएस कोचिंग का निरीक्षण किया, जहां सुरक्षा संबंधी कमियों को लेकर प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा गया। इसके बाद दुर्गाकुंड स्थित आकाश कोचिंग में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि हजारों छात्रों की आवाजाही के लिए मात्र तीन फीट चौड़ा रास्ता था। साथ ही संस्थान प्रबंधन स्वीकृत भवन मानचित्र भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने आकाश कोचिंग, एलेन कोचिंग और एएल-1 कोचिंग समेत कई संस्थानों को सील कर दिया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई अन्य कोचिंग संस्थानों ने छात्रों की छुट्टी कर दी, जबकि कुछ संचालकों ने संस्थानों के शटर बंद कर दिए। बताया जा रहा है कि कई कोचिंग संस्थानों ने मुहर्रम तक कक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी, भवन सुरक्षा और निकासी मार्गों से जुड़े नियमों का पालन नहीं मिलेगा, उनके विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इसे भी पढ़े   हार के डर से भाजपा टाल रही पंचायत चुनाव : सुजीत यादव लक्कड़
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *