महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ : नरेंद्र देव छात्रावास के अवैध कब्जेदारों से खाली कराए 40 कमरे
वाराणसी (जनवार्ता) । महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन ने छात्रावासों में वर्षों से जमे अवैध कब्जों के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नरेंद्र देव छात्रावास के 40 कमरों को खाली करा लिया। भारी पुलिस बल और विश्वविद्यालय प्रशासन की संयुक्त मौजूदगी में चले अभियान के दौरान अनधिकृत रूप से कब्जाए गए कमरों को मुक्त कराकर पुनः छात्रावास प्रशासन के नियंत्रण में सौंप दिया गया।


विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, लंबे समय से छात्रावास के कई कमरों में ऐसे छात्र अथवा पूर्व छात्र रह रहे थे, जिनके नाम पर वैध आवंटन नहीं था। कई मामलों में पाठ्यक्रम पूरा होने के बावजूद कमरे खाली नहीं किए गए थे, जिसके कारण नए और पात्र विद्यार्थियों को आवास उपलब्ध कराने में गंभीर दिक्कतें आ रही थीं।

इसी को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रावासों का व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने नरेंद्र देव छात्रावास के कमरों का एक-एक कर सत्यापन किया। जांच में जिन कमरों पर अनधिकृत कब्जा पाया गया, उन्हें खाली कराकर सील कर दिया गया तथा अभिलेखों के अनुसार दोबारा छात्रावास प्रशासन के अधीन कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रभारी निरीक्षक थाना सिगरा शिवाकांत मिश्रा पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ मुस्तैदी से डटे रहे । हालांकि अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और प्रशासन को किसी प्रकार के विरोध का सामना नहीं करना पड़ा।
विश्वविद्यालय सूत्रों का कहना है कि छात्रावासों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा पात्र विद्यार्थियों को समयबद्ध तरीके से आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगे भी इसी प्रकार के सत्यापन अभियान जारी रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध आवंटन के छात्रावास में रहने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार मंगलवार को नरेंद्र देव छात्रावास के 40 कमरों को खाली कराने की कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई।

