भक्ति नगर कॉलोनी में खुले नाले को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, महापौर के खिलाफ खोला मोर्चा
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर की भक्ति नगर कॉलोनी में खुले नाले की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से खुला नाला दुर्घटनाओं और बीमारियों का कारण बना हुआ है, लेकिन शिकायतों और निरीक्षण के बावजूद नगर निगम ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

स्थानीय निवासी आशीष सिंह ने बताया कि नाले की सफाई के लिए कर्मचारी पहुंचे थे, लेकिन सफाई कार्य अधूरा ही रह गया। नाला पूरी तरह भरा होने से क्षेत्र में दुर्गंध फैली रहती है। उन्होंने कहा कि वार्ड रमरेपुर के पार्षद संजय जायसवाल से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
कॉलोनी निवासी डॉ. अम्बरीष राय सहित अन्य लोगों ने बताया कि करीब एक माह पहले इस मुद्दे पर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के बाद महापौर अशोक तिवारी और नगर निगम के अधिकारी मौके का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के बाद कुछ समय तक अधिकारियों की सक्रियता जरूर दिखाई दी, लेकिन इसके बावजूद न तो नाले की समुचित सफाई हुई और न ही उसे ढकने का कार्य शुरू हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले नाले से हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, वहीं गंदगी और बदबू के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने नगर निगम से जल्द नाले को ढकने और स्थायी समाधान की मांग की है।
वहीं, वार्ड रमरेपुर के पार्षद संजय जायसवाल ने बताया कि नाले की सफाई और उसे ढकने के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि इसी वर्ष के अंत तक नाले को ढकने का कार्य पूरा करा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त स्वयं मौके का निरीक्षण कर नाले की स्थिति का जायजा ले चुके हैं।

