यूपी में जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज, 30 जून से बारिश के आसार; लू से मिलेगी राहत

यूपी में जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज, 30 जून से बारिश के आसार; लू से मिलेगी राहत

लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश में फिलहाल भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 28 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का असर बना रहेगा। हालांकि 29 जून से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है और तापमान में 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं 30 जून से कई जिलों में बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं।

rajeshswari


आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर प्रदेश में प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो चुकी हैं। अगले तीन से चार दिनों में मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है, जिसके बाद बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने लगेगी।


शुक्रवार को राजधानी लखनऊ सहित बांदा, गाजीपुर, बलिया, सुल्तानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद में लू का व्यापक असर देखने को मिला। वहीं लखीमपुर खीरी, बाराबंकी और बहराइच में तीव्र लू ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।


तापमान के मामले में लखीमपुर खीरी 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि हरियाणा के रोहतक में सर्वाधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बांदा और आगरा में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जबकि लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फतेहगढ़, अलीगढ़ और कानपुर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


लखनऊ शुक्रवार को देश का पांचवां सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 6.3 और 4 डिग्री अधिक रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिनभर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसे भी पढ़े   दुल्हन देखने बरेली पहुंचा फर्जी दरोगा अरेस्ट:बेढंगी वर्दी देख शक हुआ;थाने में बोला...


मौसम विभाग ने सलाह दी है कि अगले दो दिनों तक दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें। विभाग का कहना है कि सोमवार से लू का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा और 30 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *