करंट लगने से संविदा लाइनमैन की मौत

करंट लगने से संविदा लाइनमैन की मौत

बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वाराणसी (जनवार्ता)। पांडेघाट क्षेत्र में शनिवार तड़के बिजली विभाग के एक संविदा लाइनमैन की एलटी (लो टेंशन) लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद विभागीय कर्मचारियों में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि परिजनों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार, हरपुर (भैरवनाथ) गांव निवासी भारत कुमार उर्फ भारत लाल (पुत्र कल्लू प्रसाद) भदैनी पावर हाउस में संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। शनिवार तड़के पांडेघाट गली स्थित मकान संख्या D-23/1 के पास आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए वह एलटी लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और मौके पर अचेत होकर गिर पड़े।

साथी कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

मृतक की बहन संगीता ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे विभाग की ओर से हादसे की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि भारत परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले संबंधित फीडर का शटडाउन लिया गया था या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या मृतक को ग्लव्स, सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे।

इसे भी पढ़े   अफगानिस्तान में भूकंप का कहर: 800 की मौत, 2500 घायल

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की आंतरिक जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *