एसटीएफ : 50 हजार का इनामिया गौ तस्कर बिहार से गिरफ्तार
चंदौली (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने चंदौली जिले में दर्ज गोवंश तस्करी के एक मामले में वांछित 50 हजार के इनामी आरोपी नूरुल खान को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 का इनाम घोषित था।

एसटीएफ के अनुसार, मंगलवार को प्रयागराज फील्ड यूनिट ने बिहार के गया जनपद के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित गुड़िया सिंगार स्टोर एवं ब्यूटी पार्लर के सामने से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से गया (बिहार) का निवासी है और ट्रक/कंटेनर चलाने का काम करता है। उसने स्वीकार किया कि 7 जनवरी 2025 को कंटेनर संख्या BR02GA6205 से कानपुर से 30 गोवंश लेकर बिहार जा रहा था। चंदौली में जाम के दौरान पुलिस को देखकर वह वाहन छोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद उसके विरुद्ध चंदौली थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और बाद में उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को चंदौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

