दो ट्रकों की भिड़ंत में दो की मौत, तीन घायल
श्रावस्ती (जनवार्ता)। जिले के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग बौद्ध परिपथ पर दो ट्रकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दोनों ट्रकों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लकड़ी से लदे ट्रक का माल सड़क किनारे घर के बाहर सो रहे एक परिवार पर गिर गया, जिससे दंपती और उनका 13 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे खरगौरा बस्ती स्थित विजयी पुरवा के पास हुई। लकड़ी से लदा ट्रक और शीतल पेय से भरा दूसरा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि लकड़ी से लदा ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदी लकड़ियां सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे परिवार पर जा गिरीं।
हादसे में विजयी पुरवा निवासी अरुण कुमार पांडे उर्फ पिंटू (32), उनकी पत्नी सीमा पांडे (30) और पुत्र पीयूष पांडे (13) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दोनों ट्रकों के चालक वाहनों में फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एक खलासी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रकों में फंसे दोनों चालकों के शव बाहर निकलवाए।
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

