वाराणसी: चाय की दुकान से गांजा बेच रहा तस्कर गिरफ्तार
599 ग्राम गांजा और नकदी बरामद
वाराणसी (जनवार्ता) । कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 599 ग्राम अवैध गांजा और 1300 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मेडविन अस्पताल के सामने स्थित एक चाय की दुकान से गांजा बेचा जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके से संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संदीप कुमार चक्रवाल (39), निवासी अमरा खैरा चक, कंदवा, वाराणसी बताया।
तलाशी के दौरान दुकान में रखी प्लास्टिक की पेंट बाल्टी के ढक्कन पर चार पुड़ियों में रखा कुल 599 ग्राम गांजा तथा बिक्री के 1300 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चाय की दुकान की आड़ में गांजा बेचता था और इसकी पुड़ियां मेडविन अस्पताल, मैदागिन व विशेश्वरगंज क्षेत्र में आने-जाने वाले मजदूरों तथा ऑटो-टोटो चालकों को बेचता था।
इस मामले में थाना कोतवाली पर मुकदमा संख्या 164/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तारी तथा बरामदगी की कार्रवाई में चौकी प्रभारी अलईपुरमंडी उपनिरीक्षक प्रियंशु तिवारी एवं उनकी टीम शामिल रही।

