वाराणसी में 22 नवंबर से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान
5.43 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
वाराणसी (जनवार्ता)। जनपद में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित करने के लिए 22 नवंबर से छह दिवसीय पल्स पोलियो विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले के 5,43,549 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सीएमओ ने अभियान की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि लक्षित शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए। इसके लिए अभियान में लगाए गए सभी कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के साथ बीमार और प्रतिरोधी परिवारों के बच्चों को चिह्नित कर उन्हें भी दवा पिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में इस वर्ष भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। वाराणसी प्रमुख तीर्थस्थल होने के कारण यहां देश-विदेश से लोगों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में पोलियो संक्रमण के प्रसार की आशंका को देखते हुए अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को बूथ दिवस के अवसर पर सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जाएंगे। विद्यालयों में बच्चों की बुलावा टोली बनाकर अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर ही पोलियो की खुराक पिलाने का प्रयास किया जाएगा। बूथों का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा। सीएमओ ने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि छह दिन तक चलने वाले अभियान के लिए जिले में 1790 बूथ बनाए गए हैं। घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाने के लिए 1270 टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा 34 ट्रांजिट टीमें और 38 मोबाइल टीमें भी तैनात रहेंगी। 22 नवंबर को बूथ दिवस के बाद 23 नवंबर से घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बावजूद यदि कोई बच्चा दवा पीने से वंचित रह जाता है तो उसे 30 नवंबर को खुराक दी जाएगी।
बैठक का संचालन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया और डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. महेंद्र सोनी ने किया। इस अवसर पर यूनिसेफ के डीएचसी आलोक कुमार राय, जेएसआई से डॉ. शाहिद, संदीप श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

