घाटों पर फूल-माला बेचने वाले बच्चों की शिक्षा करें सुनिश्चित : रजनी तिवारी
वाराणसी। उच्च शिक्षा राज्य मंत्रीकरें रजनी तिवारी ने शुक्रवार को वाराणसी के गंगा घाटों का भ्रमण करते हुए फूल-माला बेचने वाले बच्चों की शिक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

एक दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचीं राज्य मंत्री ने गंगा पूजन और दर्शन के दौरान घाटों पर फूल-माला बेच रहे बच्चों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। बच्चों द्वारा स्कूल नहीं जाने की बात बताए जाने पर मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों और उनके अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें निकटवर्ती बेसिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की व्यवस्था की जाए।
राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार किया है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि आर्थिक या सामाजिक कारणों से कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बच्चों के अभिभावकों को जागरूक कर उन्हें विद्यालय से जोड़ने का भी निर्देश दिया।
अपने दौरे के दौरान रजनी तिवारी ने नाव से गंगा में भ्रमण कर अविनाशी काशी के विहंगम दृश्य का अवलोकन किया, गंगा पूजन किया तथा बाबा विश्वनाथ धाम कॉरिडोर की भव्यता देखी। उन्होंने काशी भ्रमण पर आए पर्यटकों से भी बातचीत कर उनकी सुविधाओं और सुझावों की जानकारी ली।

