जेल से छूटते ही आरोपियों का हाईवे पर शक्ति प्रदर्शन, सनरूफ से स्टंट का वीडियो वायरल
काफिले में कई गाड़ियां शामिल, इंस्टाग्राम पर ‘रिहाई मुबारक हो मेरी जान’ लिखकर साझा की गई रील
वाराणसी (जनवार्ता)। जेल से रिहा होने के बाद गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपितों द्वारा हाईवे पर गाड़ियों का काफिला निकालकर शक्ति प्रदर्शन करने का मामला सामने आया है। सारनाथ थाना क्षेत्र के आर्यन यादव और प्रिंस यादव की रिहाई के बाद का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई चारपहिया वाहन काफिले के रूप में हाईवे पर फर्राटा भरते दिखाई दे रहे हैं। काफिले में आगे चल रही सिल्वर रंग की कार के सनरूफ से बाहर निकलकर एक युवक स्टंट करते हुए मोबाइल से वीडियो बनाता नजर आ रहा है।

इस वीडियो को इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘रिहाई मुबारक हो मेरी जान’ और ‘वेलकम मेरे शेर भाई दोनों’ जैसे संदेशों के साथ साझा किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन और इस तरह के सार्वजनिक शक्ति प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि सारनाथ थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार, बीते 29 सितंबर को अशोका इंस्टीट्यूट के बी-फार्मा छात्र दीपेंद्र यादव से कथित तौर पर पांच हजार रुपये प्रतिमाह रंगदारी मांगी गई थी। आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, 1500 रुपये लूट लिए गए और उसका आईफोन तोड़ दिया गया। इतना ही नहीं, सिर पर ईंट से हमला कर जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अब जेल से रिहाई के बाद हाईवे पर काफिला निकालने और सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करने का वीडियो वायरल होने से पुलिस की कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या वाराणसी पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर वाहन चालकों और स्टंट करने वालों की पहचान करेगी तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करेगी?

