लंका : मारपीट के दौरान महिला की चेन छीनने का आरोप, मुकदमा दर्ज
वाराणसी (जनवार्ता) । लंका पुलिस थाना क्षेत्र के डाफी स्थित अशोकपुरम कॉलोनी निवासी पूजा सिंह ने सोमवार रात एक चौंकाने वाले मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पूजा सिंह के अनुसार, परिवार के साथ बच्चे के जन्मदिन के मौके पर रेस्तरां जा रहे थे। तभी सीर गेट से सिंहद्वार की ओर जाते समय कुछ युवकों ने उनकी कार को रोका और हमला बोल दिया।

चालक को कार से बाहर खींचकर मारपीट की गई। पूजा सिंह, उनके पति और गर्भवती भाभी बचाव के लिए पहुंचे तो गर्भवती भाभी को धक्का देकर गिरा दिया गया। कुछ महिलाओं ने भी चालक पर हमला किया। चीफ प्रॉक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने दोनों पक्षों को कार्यालय ले जाकर मामला शांत कराया।
घर पहुंचने के बाद फिर हमलावर वहां पहुंच गए। उन्होंने दोबारा मारपीट की और पूजा सिंह के गले से सोने की चेन छीन ली। आरोपियों ने बच्चों को उठा ले जाने की धमकी दी और गर्भवती भाभी के साथ छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने पूजा सिंह की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

