तीन चोरी की वारदातों का खुलासा
सारनाथ पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, शातिर चोर गिरफ्तार
“वाराणसी (जनवार्ता)। थाना सारनाथ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पीली व सफेद धातु के बिस्किट, एक सोनी डीएसएलआर कैमरा तथा 67 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य मामलों में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन एवं एसीपी सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चित्रांश खरवार उर्फ चीकू (20) पुत्र बृजेश खरवार निवासी रसूलगढ़ पंचकोशी, थाना सारनाथ को फरीदपुर अंडरपास से गुरुवार तड़के करीब 12:45 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी से थाना सारनाथ में दर्ज तीन चोरी के मुकदमों का खुलासा हुआ है। इनमें आशापुर, बेनीपुर बैंक कॉलोनी और पुराना आरटीओ क्षेत्र स्थित मकानों में ताला तोड़कर कैमरा, जेवरात, नकदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी करने की घटनाएं शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से करीब 110.5 ग्राम पीली धातु का बिस्किट, करीब 643 ग्राम सफेद धातु का बिस्किट, एक सोनी डीएसएलआर कैमरा तथा 67 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ वाराणसी के चेतगंज, सिगरा, चितईपुर, लालपुर-पांडेयपुर, सारनाथ और जैतपुरा सहित विभिन्न थानों में चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े 19 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में थाना सारनाथ के थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह, उपनिरीक्षक अनुज कुमार सहित थाना पुलिस और एसओजी टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह व उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

