उन्नाव : रोडवेज बस और डंपर की टक्कर में तीन यात्रियों की मौत, परिचालक गंभीर
उन्नाव (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, दही थाना क्षेत्र स्थित एलनकूपर शोरूम के पास कानपुर से लखनऊ जा रही एक पिकअप लोडर को पीछे से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे खड़ा कर परिचालक यात्रियों को दूसरी बस में बैठा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस के पास खड़े चार लोग उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान राजेंद्र (50) निवासी मदनपुर, थाना कप्तानगंज, जिला बस्ती तथा रामनरेश (40) निवासी तुलसी तारा, थाना पूरा कलंदर, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, रामनरेश अपनी पत्नी के साथ कानपुर में ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में हादसे के लिए बस चालक की लापरवाही सामने आने की बात कही गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

