चौबेपुर के उमरहा में चोरी की बड़ी वारदात, सोने-चांदी समेत 70 हजार की नगदी चोरी
चौबेपुर (जनवार्ता)।
स्थानीय थाना क्षेत्र के उमरहा (मुरली) गांव में चोरों ने रविवार सुबह एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी खंगाली और करीब 70,000 रुपए की नगदी के साथ-साथ सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। इस घटना से परिवार में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, उमरहा (मुरली) गांव निवासी मोनू कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात को अपनी पत्नी के साथ अपनी दादी को देखने पंडित दीनदयाल उपाध्याय गांव गए थे, जिसके चलते रातभर घर पर कोई नहीं था। रविवार सुबह जब वह वापस लौटे, तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है।पीड़ित ने बताया कि चोरों ने अंदर घुसकर सिंगरदानी में रखी अलमारी की चाबी निकाली और उसी से अलमारी खोलकर सारा सामान उड़ा दिया। चोरी गए सामान में सोने का मंगलसूत्र, मंतिका (सोने की चेन), करधनी सहित अन्य आभूषण और करीब 70,000 रुपए की नकदी शामिल है। पीड़ित ने बताया कि आभूषणों की कीमत मिलाकर कुल नुकसान काफी बड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची ।वहीं, इस संबंध में जनवार्ता प्रतिनिधि ने चौबेपुर थाना प्रभारी से संपर्क करना चाहा, लेकिन उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। हालांकि, सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम घटना के तह तक पहुंचने के लिए जुटी हुई है l

