लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, विपक्षी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी
लखनऊ (जनवार्ता)। लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्रों ने सपा सांसद डिंपल यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि गैर-एनडीए शासित राज्यों में कथित पेपर लीक की घटनाओं पर विपक्षी नेता चुप्पी साधे हुए हैं। दोपहर करीब 12 बजे छात्र विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 (आजाद द्वार) पर एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे और सड़क पर निकलने का प्रयास किया। पहले से तैनात पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान कुछ छात्रों ने बैरिकेडिंग भी धकेल दी, हालांकि पुलिस ने उन्हें विश्वविद्यालय परिसर के भीतर ही रोक दिया।


प्रदर्शनकारी छात्रों ने पंजाब, कर्नाटक, केरल और झारखंड में कथित पेपर लीक की घटनाओं का हवाला देते हुए संबंधित राज्यों के शिक्षामंत्रियों के इस्तीफे की मांग की। छात्र प्रतिनिधि आलोक मिश्रा ने कहा कि जिन राज्यों में कथित तौर पर पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, वहां के शिक्षामंत्रियों को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सभी राज्यों में पेपर लीक के मुद्दे पर एक समान रुख अपनाना चाहिए।

